नयी दिल्ली 15 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
श्री नड्डा ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा,“छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ। यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल-इंजन सरकार द्वारा क्रियान्वित हो रहीं जन-कल्याणकारी और जनजातीय-हितैषी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।”
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में हुए नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए चुनाव परिणामों के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में विजय हासिल की है, साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर जीत हासिल की है।
