
खंडवा। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर संत शिरोमणि श्री सिंगाजी महाराज के समाधि स्थल पर आस्था का सैलाब उमड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने समाधि के दर्शन कर शुद्ध घी, श्रीफल और प्रसादी चढ़ाई। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सिंगाजी धाम पर विशाल मेले का आयोजन हुआ। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस पावन अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह सिंगाजी समाधि स्थल पहुंचे। उन्होंने निशान चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और निमाड़ क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल
इस अवसर पर मंत्री डॉ. शाह ने अपने पूज्य पिताजी स्वर्गीय श्री देवी शाह की स्मृति में मंदिर परिसर के लिए ई-वाहन भेंट किया। इस ई-वाहन से मंदिर आने वाले बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को परिसर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में सुविधा मिलेगी।डॉ. शाह ने कहा कि संत सिंगाजी महाराज का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और जनसेवा के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें।समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि संत सिंगाजी महाराज का समाधि स्थल निमाड़ का प्रमुख आस्था केंद्र है। शरद पूर्णिमा पर यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में मंत्री जी द्वारा दी गई ई-वाहन की यह सुविधा एक उपयोगी और सराहनीय पहल है।
