
ग्वालियर। महापौर खेल महोत्सव 2025 कें अंतर्गत राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में 28 मैच खेले गए। जिसमें आरसीसी भोपाल, सिंगरौली कारपोरेशन एवं इंदौर जिले की टीम सेमी फाइनल में पहुंच गई तथा मैच का चौथा क्वार्टर फाइनल मैच भिण्ड एवं ग्वालियर के बीच खेला जाएगा। इस मैच में जो टीम जीतेगी वह चौथी सेमी फाइनल टीम होगी।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता फूलबाग मैदान पर आयोजित की जा रही है। जिसमें प्रदेश भर की 56 टीमों ने भाग लिया है। फूलबाग मैदान पर खेले जा रहे कबड्डी प्रतियोगिता में युवा खिलाडियों द्वारा शानदार खेल का प्रदर्शन किया जा रहा है। फूलबाग मैदान में चार ग्राउंड बनाए गए है। जिसमें 56 टीमों को 4 पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल में 14 टीमों में बांटा गया है। कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान सभी जिलों के खिलाड़ियों द्वारा उत्साह से भाग लिया जा रहा है और गुनगुनी धूप के बीच कबड्डी के दांव पेच देख रहे दर्शक भी खिलाडियों की खेल भावना से गद-गद हो गए।
समापन अवसर पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार, सभापति मनोज सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव, खेल प्रभारी श्रीमती मोनिका मनीश शर्मा सहित एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण तथा अनेक अतिथि उपस्थित रहकर खिलाडियों का उत्साहवर्धन करेंगे। प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं व्यक्तिगत पुरस्कार तथा तृतीय एवं चतुर्थ स्थान की टीमों को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
