
जिले भर में लग रहे शिविर, 22431 आवेदन मंजूर, योजनाओं का दिया जा रहा लाभ
नवभारत न्यूज
रीवा, 4 जनवरी, आम आदमी को राहत देने के लिये मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के तहत शिविर जिले भर में लग रहे है. जहा जिम्मेदार अधिकारी नदारत रहते है. कलेक्टर ने ऐसे अधिकारियों को नोटिस देकर तीन दिन के अंदर जवाब तलब किया है.
सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और संतोष जनक जवाब न मिलने पर कार्यवाही की जायेगी. कई जगह शिविर में केवल खानापूर्ति की जा रही है. इन शिविरों में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं. साथ ही आमजनता के आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है. जिले के सभी विकासखण्डों में शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है. अब तक जिले में कुल 228 शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें आमजनता से 28017 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं. इनमें से 22431 आवेदन पत्र मंजूर किए गए हैं. इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि दो और तीन जनवरी को सभी विकासखण्डों में ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया. जनपद पंचायत रीवा में आयोजित शिविरों में ग्राम पंचायत अगडाल में 85 और बैजनाथ में 73 आवेदन पत्र दर्ज किए गए. इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, खाद्यान्न पर्ची तथा राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरण शामिल हैं. जनपद पंचायत त्योंथर में ग्राम पंचायत सोहागी में 218 तथा ग्राम पंचायत चुनरी में 202 आवेदन पत्र दर्ज किए गए. यहाँ ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई. साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजनता को दी गई. जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में ग्राम रौरा में लगाये शिविर में आमजनता से प्राप्त 38 आवेदन पत्र दर्ज किये गये. आज ही ग्राम पंचायत मेथैरी में भी शिविर लगाया गया.
अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभियान अन्तर्गत आयोजित शिविरों में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. जनपद पंचायत सिरमौर अन्तर्गत ग्राम पंचायत पाली में एक जनवरी को आयोजित शिविर में विधायक मनगवां उपस्थित रहे किंतु संबंधित विभागीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर प्राप्त आवेदन पत्रों पर कार्यवाही/निराकरण नहीं हो सका. कलेक्टर ने शिविर में अनुपस्थित रहने पर अधीक्षण यंत्री विद्युत मंडल, सीएमएचओ, कार्यपालन यंत्री पीएचई, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला आपूर्ति नियंत्रक, श्रमपदाधिकारी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं तथा उप पंजीयक सहकारी संस्थाएँ अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं. इसी प्रकार एक जनवरी को जनपद गंगेव के ग्राम पंचायत बेलवा पैकान में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शिविर में विधायक मनगवां उपस्थित रहे किंतु शिविर में फील्ड इंजीनियर (एस.क्यू.सी) जल निगम परियोजना कंदैला अनुराग दुबे अनुपस्थित रहे जो उनकी स्वैच्छाचरिता व कर्तव्य के प्रति लापरवाही को दर्शता है. कलेक्टर ने अनुराग दुबे की सेवा समाप्त किये जाने का नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं.
