जबलपुर: पहाडिय़ों में हो रही बर्फबारी के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। कड़ाके की ठंड शुरू होने के साथ बर्फीली हवाएं लोगों को ठिठुरा रही है। गुरूवार की सुबह कोहरे की चादर के साथ हुई। पारा भी सात डिग्री पर पहुंच गया। रात को भी ठंड ने जोर मारा। सक्रिय मौसम प्रणालियों को देखते हुए मौसम विभाग ने जबलपुर समेत आसपास के जिलों के लिए घना कोहरा छाने, शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभगा की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, जम्मू एवं उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में अवस्थित है। पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 222 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। मध्य ईरान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी से 5.8 किमी की ऊँचाई के बीच अवस्थित पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
ऐसा रहा तापमान
गुरूवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 92 और शाम को 63 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 3 से 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
