भोपाल, 03 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के प्रति जनजागरुकता और इसी दृष्टिकोण से पर्यटन बढ़ाने के अभियान को लेकर काम कर रही है।
डॉ यादव ने अपने बयान में कहा कि वन्यजीव जन जागरण और पर्यटन बढ़ाओ अभियान की शुरुआत मध्यप्रदेश सरकार की ओर से की जा रही है। ऐसे कई अभयारण्य हैं, जिन पर समाज का ध्यान अभी उतना नहीं है, जितना जाना चाहिए। इस अभियन से नए जीवों को जानने का मौका मिलेगा। सरकार की कोशिश इन सभी स्थानों के प्रति जागरुकता पैदा करने की है।
उन्होंने कहा कि वे इसी क्रम में कल मुरैना जिले के घड़ियाल अभयारण्य जा रहे हैं, जहाँ वन विभाग द्वारा घड़ियाल संरक्षण का अद्भुत कार्य किया जा रहा है। मुरैना के इस अभयारण्य में लुप्तप्राय घड़ियालों के प्रति काम हुआ है, जिसके बाद उनकी संख्या लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि लोग समय निकाल कर राज्य के ऐसे हिस्सों में अवश्य जाएं।
