स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिवस पर सामूहिक सूर्य-नमस्कार

भोपाल, 01 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश में स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिवस 12 जनवरी पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सामूहिक सूर्य-नमस्कार के साथ स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित प्रेरणादायी शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेगें।

स्कूल शिक्षा विभाग ने आयुक्त लोक शिक्षण को सामूहिक सूर्य-नमस्कार और इससे जुड़े कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संगठनों और आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के लिये कहा है। विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रदेश की समस्त विद्यालयीन संस्थाओं में 12 जनवरी को प्रात: 9 से प्रात: 10:30 बजे तक सामूहिक सूर्य-नमस्कार का आयोजन हो। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत वंदे-मातरम और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन होगा।

इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रेडियो पर संदेश प्रसारित होगा। सामूहिक सूर्य-नमस्कार समस्त शिक्षण संस्थाओं में एक साथ, एक संकेत पर किया जायेगा। कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति का गठन किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

शिक्षण संस्थाओं में होने वाले सामूहिक सूर्य-नमस्कार में मंत्रीगण, सांसद, महापौर, अध्यक्ष जिला पंचायत, विधायक, अध्यक्ष नगरपालिका एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सामूहिक सूर्य-नमस्कार में कक्षा-6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। सामूहिक सूर्य-नमस्कार में शामिल विद्यार्थियों को योग और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व के बारे में भी बताया जायेगा।

 

 

Next Post

केजरीवाल छल कपट का राजनीतिक परित्याग करने का संकल्प लें: सचदेवा

Wed Jan 1 , 2025
नयी दिल्ली 01 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नव वर्ष के दिन झूठ एवं छल कपट का राजनीतिक परित्याग करने का का संकल्प लेने की अपील की है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बुधवार को श्री केजरीवाल […]

You May Like