कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने के बाद जीतू का संदेश

भोपाल, 27 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने के बाद कुछ लोगों के विरोधी स्वरों के बीच आज कहा कि शीघ्र ही प्रदेश सचिव, अनुशासन समिति और राजनैतिक मामलों की सलाहकार समिति की घोषणा की जाएगी, जिसमें वर्तमान में शेष रहे कई साथियों को भी जिम्मेदारी मिलेगी।

प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर श्री जीतू का संदेश पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है, “कांग्रेस के प्रिय साथीगण, निश्चित रूप से हम सभी मिलकर प्रदेश में लोकतंत्र, किसान, महिला, मजदूर विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ कड़ा संघर्ष करना चाहते हैं। जो कांग्रेस के प्रत्येक साथी की जिम्मेदारी भी है। कल प्रदेश कांग्रेस की हमारी कार्यकारिणी घोषित हुयी है। शीघ्र ही प्रदेश सचिव, अनुशासन समिति और राजनीतिक मामलों की सलाहकार समिति की घोषणा की जाना है। इसमें वर्तमान सूची में शेष रहे कई साथियों को भी जिम्मेदारी मिलेगी।”

इसके अलावा आज यहां मीडिया के सवालों के जवाब में श्री पटवारी ने कहा कि कार्यकारिणी में क्षेत्रीय, जातिगत और अन्य समीकरणों को साधने का प्रयास किया गया है। युवाओं की ऊर्जा और वरिष्ठों के अनुभव का भी ध्यान रखा गया है। माना जा रहा है कि श्री पटवारी का यह संदेश कार्यकारिणी घोषित होने के बाद पार्टी के अंदर कुछ लोगों के विरोध के स्वरों को ध्यान में रखकर आया है। भोपाल के एक पुराने नेता ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कार्यकारिणी पर कटाक्ष किया है, तो इंदौर के एक स्थानीय नेता ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की बात कही है।

इसके पहले शनिवार देर रात प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा केंद्रीय नेतृत्व ने की। इसमें 17 उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। उपाध्यक्षों में भोपाल मध्य क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के अलावा हमीद काजी, हिना कांवरे, जयवर्धन सिंह, झूमा सोलंकी, लखन घनघोरिया, लाखन सिंह यादव, महेंद्र जोशी, महेश परमार, फूल सिंह बरैया, प्रियव्रत सिंह, राजीव सिंह, रवि जोशी, सचिन यादव, सिद्धार्थ कुशवाह, सुखदेव पांसे और सुरेंद्र हनी बघेल शामिल हैं।

कार्यकारिणी में 71 नेताओं को महासचिव के रूप में जिम्मेदारी दी गयी है। कार्यकारिणी सदस्यों में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार, कांतिला भूरिया, अरुण यादव, गोविंद सिंह, अजय सिंह, विवेक तन्खा, मीनाक्षी नटराजन, कमलेश्वर पटेल, ओंकार मरकाम, सत्यनारायण पटेल, नीलांशु चतुर्वेदी, कुणाल चौधरी, मनोज चौहान और भूपेंद्र मरावी शामिल हैं। इसके साथ ही 33 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 40 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं।

श्री पटवारी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए लगभग दस माह हो गए हैं। इस कार्यकारिणी का काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। श्री पटवारी ने अपने स्तर पर सूची तैयार करके केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अंतिम मुहर लगने के लिए भेज दी थी।

Next Post

बुधनी विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए पहुंचे पटवारी

Sun Oct 27 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email बुधनी, 27 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी गठित होने के बाद आज सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पार्टी प्रत्याशी राजकुमार पटेल के पक्ष में प्रचार के लिए पहुंचे। श्री […]

You May Like

मनोरंजन