खरगोन, 04 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह वन मंडल क्षेत्र में शराब माफियाओं ने आज उन्हें रोकने का प्रयास कर रहे वन विभाग के डिप्टी रेंजर पर दुपहिया वाहन चढ़ा कर उनका पैर कुचल दिया।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग की टीम कक्ष क्रमांक 251 में भ्रमण कर रही थी। सुबह करीब 4 बजे सागौन की लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन कर रहे तीन दो पहिया वाहन देखे गए। उन्हें रोकने की कोशिश की गयी, उनमें से चार व्यक्ति वहां से भाग गए, लेकिन एक सुनील गोरेलाल पकड़ लिया गया। विभाग ने तीन दो पहिया वाहनों को लकड़ी समेत जब्त कर लिया।
उसके बाद सुबह छह बजे दुपहिया वाहन पर दो व्यक्ति कक्ष क्रमांक 259 मालीघाटी में सागौन की लकड़ी और शराब ले जाते हुए दिखे। उनका पीछा किया गया। जैसे ही वन विभाग के अधिकारियों ने अपने वाहन को उनके आगे खड़ा किया उन्होंने अपने दोपहिया वाहन से रावत पलासिया के डिप्टी रेंजर अरविंद सिंह सेंगर का पांव कुचल दिया। इस दौरान सन्तुलन बिगड़ने पर आरोपियों का वाहन भी नीचे गिर पड़ा। लेकिन आरोपी मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
उन्होंने बताया कि बिना नंबर के दुपहिया वाहन से करीब 200 लीटर कच्ची शराब और सागौन की लकड़ी जब्त की गयी।उन्होंने बताया कि सागौन की लकड़ी जलाकर आरोपी अवैध रूप से कच्ची शराब बनाते हैं। उन्होंने बताया कि पहली घटना में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में उसने चार अन्य साथियों मुकेश, अजय, सोहन और दिलीप के नाम बताये। यह सभी रावत पलासिया के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वन विभाग ने दो प्रकरण दर्ज किए हैं। इस मामले में कल पुलिस को भी सूचित किया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पूर्व भी अवैध रूप से शराब बनाने वालों की भट्टियां तोड़ी गई थी। इस दौरान आरोपियों ने वन विभाग के अमले पर पथराव किया था।