नवभारत न्यूज,
बुरहानपुर। 28 अगस्त को आयोजित नगर निगम के साधारण सम्मेलन में महिला महापौर माधुरी पटेल से आपत्तिजनक व्यवहार और अशोभनीय टिप्पणी के खिलाफ गुरुवार को भाजपा व महिला मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में विरोध जताया। सभी ने एक स्वर में आपत्तिजनक व्यवहार और अशोभ नीय टिप्पण करने वाले शाह बाजार वार्ड पार्षद इस्माईल अंसारी पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने ने कहा. 28 अगस्त को नगर निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर माधुरी पटेल अपना जवाब प्रस्तुत कर रही थी। उस समय शाह बाजार वार्ड पार्षद इस्माईल अंसारी ने महापौर माधुरी पटेल के वक्तव्य को रोका और उन्हें डरपोक और पंगू कहा गया। यहां तक कि मीडिया से चर्चा में महिला महापौर के लिए बैसाखी शब्द का उपयोग भी किया गया। पार्षद यहीं नहीं रूके और महापौर के पति अतुल पटेल,जो कि विधायक प्रतिनिधी के रूप में नियुक्त है। उनकी बैठक व्यवस्था महापौर के निकट होने के कारण गुड्डे, गुडिय़ा का खेल संबंधी व्यक्तिगत टिप्पणी की, जो पूरी तरह से आपत्तिजनक व्यवहार है। पार्षद इस्माईल अंसारी की पत्नी वर्तमान महापौर माधुरी पटेल से दो बार चुनाव हार चुकी हैं। इस विषय में अपनी व्यक्तिगत कुंठा के कारण पार्षद अंसारी निगम के प्रत्येक सम्मेलन में महापौर पर इस प्रकार की अशोभनीय टिप्पणी करने के आदि हैं। परिषद सम्मेलन की कार्रवाई विवरण से यह प्रमाणित होता है, कि पार्षद अंसारी द्वारा इस तरह का कदाचरण सतत तीसरी बार किया गया है। पार्षद द्वारा पिछले सम्मेलन में भी इस तरह की टिप्पणी की गई थी। पार्षद की यह टिप्पणी भारतीय संसद द्वारा सदन की कार्रवाई में प्रतिबंधित शब्द है। जिसका उपयेाग किसी भी सदन में किया जाना प्रतिबंधित है। पार्षद अंसारी का यह कृत्य अवैधानिक, निंदनीय,दंडनीय है। जो भारतीय परम्परा के अनुकूल नहीं है। हम अनुरोध करते है कि पार्षद अंसारी पर कठोर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने , प्रदेश प्रवक्ता व विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस,नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती किरण रायकवार,जनपद अध्यक्ष श्रीमती सोनाली प्रदीप पाटिल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, युवा नेता गजेंद्र पाटिल,वरिष्ठ जगदीश कपूर सहित अन्य उपस्थित रहे।