पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण जनता के प्रति संवेदनशील रहे-पटेल

भोपाल, 16 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि जनता की सेवा में पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण महत्वपूर्ण है। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।

श्री पटेल राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित अधिकारी-कर्मचरियों से भेंट कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस का संवेदनशील व्यवहार जनता के मन में पुलिस के प्रति सम्मान को बढ़ाता है और पुलिस की छवि को जन हितैषी बनाता है। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस, जेल और होमगार्ड के पदक प्राप्तकर्ताओं और उनके परिजनों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

विदित हो कि इस वर्ष प्रदेश पुलिस के कुल 69 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित हुए हैं। यह सम्मान वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित हुआ।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था के उत्तरदायित्वों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। पुलिस ने “एक पेड़-माँ के नाम” अभियान के तहत एक दिन में सवा लाख पौधे लगाए हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने मध्यप्रदेश पुलिस बल को इस सफलता के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने प्रदेश पुलिस से आह्वान भी किया कि रोपे गए पौधों की भविष्य में देख-भाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में साइबर अपराधों की प्रकृति बदली है। साइबर अपराधों का शिकार अधिकांशत: बच्चे, महिलाएं, ग्रामीण और वंचित वर्ग के लोग हो रहे हैं। पुलिस को साइबर जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना होगा। पुलिस को तकनीकी और कानूनी रूप से दक्ष होकर, संवेदनशील विवेचना कर, साइबर अपराधियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस का हर अधिकारी-कर्मचारी अपने कर्तव्यों का संपूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन करे।

श्री पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय पुलिस सशक्त और स्वस्थ समाज का आधार होती है। समाज के विकास के लिए सुरक्षा जरूरी है, सुरक्षा के लिए पुलिस जरूरी है। पुलिस को समय के अनुसार स्वयं को अपडेट रखना होगा। अब रिएक्टिव पुलिसिंग से प्रिडिक्टिव पुलिसिंग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विगत छह माह में पुलिस द्वारा नक्सल गतिविधियों पर कड़ाई के साथ निरंतर कार्रवाई की गई है। चार हार्डकोर नक्सलियों को मार कर, नक्सल गतिविधियों पर काफ़ी हद तक नियंत्रण पाया है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने असामाजिक तत्वों, राष्ट्रविरोधी ताकतों का कठोरता से दमन और गौवंश के अवैध परिवहन रोकने की प्रभावी कार्रवाईयां भी की है।

पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने पदक प्राप्तकर्ताओं, प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस के सामाजिक सरोकारों पर आधारित कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में महानिदेशक जेल गोविंद प्रताप सिंह, महानिदेशक होमगार्ड अरविंद कुमार, राज्यपाल के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता, मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, मध्यप्रदेश पुलिस, होमगार्ड और जेल विभाग के पदक प्राप्तकर्ता और उनके परिजन उपस्थित थे।

Next Post

आईएमए ने की शनिवार को डॉक्टरों की 24 घंटे की हड़ताल की घोषणा

Fri Aug 16 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली 16 अगस्त (वार्ता) इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने पिछले सप्ताह कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में डॉक्टरों की ओर से […]

You May Like