धार, 04 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आज कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान सभी बातें सुनी जा रही हैं और उनका निराकरण भी किया जा रहा है। जनता से निरंतर संवाद स्थापित किया गया है।
धार जिले के पीथमपुर में यूका का कचरा जलाने का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों से धार कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सारी स्थितियों को हम बहुत जल्दी सामान्य कर लेंगे और कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं देंगे। कानून व्यवस्था को बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। यह ऐसा विषय नहीं है, जिसके लिए चक्काजाम करने की आवश्यकता हो, न्यायालय और उच्च न्यायालय की निगरानी में यह कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर धार ने बताया कि स्थानीय स्तर पर निरंतर बैठकों का आयोजन किया गया है। यह बातें अखबारों में भी प्रकाशित हुई हैं और यदि पिछले एक महीने के अखबारों को देखेंगे, तो आमजन को इससे संबंधित बहुत सी जानकारी प्राप्त होगी।हम इस कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। चूंकि यह न्यायालय की निगरानी में हो रहा है, इसलिए अंधकार में रखकर कुछ भी करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि हर कार्यवाही पारदर्शी तरीके से की जा रही है और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।देश के प्रतिष्ठित संस्थान, जैसे नीरी (नागपुर) और आईआईटी, पर्यावरण संबंधी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। हर एक गतिविधि आदि की मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी व्यक्ति के जीवन यापन को प्रभावित होने नहीं दिया जाएगा।
कलेक्टर ने आमजन से आग्रह किया है कि इस मामले को प्रदर्शन का रूप देने की आवश्यकता नहीं है। हम सभी से संवाद करेंगे और सभी समस्याओं का समाधान करेंगे। कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और संवेदनशीलता हमारे मुख्य स्तंभ हैं, जिनके आधार पर हम इस कचरा निपटान कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्री मिश्रा ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने भी निर्देश दिए हैं और एक अपील जारी की है कि संविधान के दायरे में रहकर ही सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि सड़कों पर प्रदर्शन न करें। आमजन की सभी बातें सुनी जाएंगी। अभी तक एक भी इंच कचरा नहीं जलाया गया है और हर कार्य पूरी जानकारी और पारदर्शिता के साथ ही होगा।

