बड़वानी, 11 अगस्त (वार्ता): मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की खेतिया पुलिस ने बड़ी डकैती की योजना बनाते महाराष्ट्र के 6 लोगों समेत सात को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक शासकीय पिस्टल भी मिली है।
खेतिया पुलिस सूत्रों ने आज शाम बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पेट्रोल पंप के समीप पानी की टंकी के नीचे महाराष्ट्र के नवापुर क्षेत्र के रोहित गावित, अमोल गावित, शाहदा क्षेत्र के विष्णु चौधरी, करण नाईक, बड़वानी जिले के निवाड़ी क्षेत्र थाना क्षेत्र के रमेश उर्फ त्रिशूल बाबा और दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में महाराष्ट्र के शाहदा क्षेत्र के अली खान उर्फ बबलू फरार है।
आरोपियों के पास से शासकीय 9 एमएम पिस्टल, चाकू कृषि यंत्र धारदार हथियार और एक कार बरामद की गई है।
उन्होंने प्रारंभिक विवेचना के आधार पर बताया कि आरोपियों के पास से प्राप्त शासकीय पिस्टल 2022 में महाराष्ट्र के शाहदा में पदस्थ रहे एएसआई के घर से चोरी की गई थी।
आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।