जबलपुर। शहर और जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने और न्यायालय में अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के उद्देश्य से पुलिस ने अपनी जांच प्रणाली को और मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रभावी क्रियान्वयन पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस मुख्यालय भोपाल (नारकोटिक्स शाखा) के निर्देश में हुई इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न थानों के विवेचकों को बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद वरिष्ठ एडीपीओ राजवीर सिंह यादव, एडीपीओ अभिषेक शर्मा और उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उमेश तिवारी ने विवेचना के दौरान होने वाली उन तकनीकी और कानूनी खामियों पर प्रकाश डाला, जिनका लाभ अक्सर आरोपी कोर्ट में उठा लेते हैं। विशेषज्ञों ने साफ किया कि मजबूत साक्ष्य संकलन और विधिक प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन ही सफल अभियोजन की कुंजी है। धारा 52-ए के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों की इन्वेंट्री तैयार करने, मजिस्ट्रेट के समक्ष नमूने लेने और उनके विधिवत निस्तारण की कानूनी प्रक्रिया समझाई गई। कार्रवाई में पारदर्शिता लाने और कोर्ट में साक्ष्य को पुख्ता साबित करने के लिए मौके पर की जाने वाली वीडियोग्राफी के मानकों पर जोर दिया गया। घटनास्थल पर ही संदिग्ध पदार्थ की प्राथमिक पहचान के लिए टेस्टिंग किट के सही और वैज्ञानिक इस्तेमाल का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। वाणिज्यिक मात्रा के
प्रकरणों में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर, आरोपियों द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान, फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और जब्ती की प्रक्रिया बताई गई। पीआईटी एनडीपीएस एक्ट में बार-बार अपराध करने वाले आदतन नशा तस्करों के विरुद्ध निवारक निरोध के कठोर प्रावधानों को लागू करने के तरीके समझाए गए। इस प्रशिक्षण से जिले के थानों में पदस्थ विवेचकों की कार्यक्षमता में सुधार होगा और मादक पदार्थों से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी।
पुलिस के मुताबिक 3 नवंबर को बिजौरी निवासी सुरेश राय (46) पत्नी सविता के साथ घर के शटर में ताला लगाकर धरमपुरा में एक तेहरवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनका बेटा मोनू भी अनाज बेचने जबलपुर मंडी गया हुआ था। घर पूरी तरह सूना था। इसी दौरान […]