पत्नी के इलाज के लिए चोरी, गोटेगांव के निगरानी बदमाश सहित 4 गिरफ्तार

जबलपुर। चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम बिजौरी में साढ़े पांच लाख से अधिक की नकबजनी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव निवासी एक शातिर निगरानी बदमाश समेत चार को गिरफ्तार किया है। चोरों के साथ जेवर खरीदने वाले एक खरीदार को भी दबोचा गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि पत्नी के इलाज के लिए पति ने चोरी की साजिश रची थी ।

पुलिस के मुताबिक 3 नवंबर को बिजौरी निवासी सुरेश राय (46) पत्नी सविता के साथ घर के शटर में ताला लगाकर धरमपुरा में एक तेहरवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनका बेटा मोनू भी अनाज बेचने जबलपुर मंडी गया हुआ था। घर पूरी तरह सूना था। इसी दौरान चोर सूने मकान का ताला तोडक़र सोने जेवरात, नगदी समेत कुल 5 लाख 59 हजार रुपये का माल चुराकर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे की टीम ने छानबीन शुरू की तो मिले सुराग पर पुलिस ने गोटेगांव के रूद्र वार्ड निवासी रूपेश चौधरी (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रूपेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बीमार थी और जबलपुर के अस्पताल में भर्ती थी। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत होने पर उसने गोटेगांव के ही रहने वाले अपने परिचित शातिर चोर सद्दाम उर्फ इमरान और हेमंत चक्रवर्ती से संपर्क किया। तीनों ने मिलकर सूने घर में चोरी करने की योजना बनाई।

बुलेट से की रेकी, 15 मिनट में वारदात

योजना के मुताबिक, तीनों आरोपी सद्दाम की बुलेट पर सवार होकर ताला तोडऩे के औजारलेकर बिजौरी पहुंचे। गांव के आखिरी छोर पर सुरेश राय के घर में ताला लटका देख वे रुक गए। रूपेश बाहर बाइक स्टार्ट कर निगरानी करता रहा, जबकि सद्दाम और हेमंत ने ताला तोडक़र घर में प्रवेश किया और महज 10 से 15 मिनट के भीतर नकदी व जेवर समेट कर जबलपुर की ओर भाग निकले थे।

नर्मदा पुल के पास किया बंटवारा, किश्तों में बेचे जेवर

वारदात के बाद तीनों ने जबलपुर मार्ग पर नर्मदा नदी के पुल से पहले एक सुनसान जगह पर रुककर चोरी के माल का बंटवारा किया। नकद 1.50 लाख रुपये में से तीनों ने 50-50 हजार रुपये आपस में बांट लिए। इसके अलावा जेवरों का भी हिस्सा किया गया। कुछ जेवर बेचने के लिए रखे गए थे, जिन्हें सद्दाम ने गोटेगांव निवासी कृष्ण कुमार चौधरी (34) को बेचा था। पुलिस ने मामले में सभी को दबोच लिया। मुख्य आरोपी सद्दाम थाना गोटेगांव का निगरानी बदमाश है, जिस पर चोरी व अन्य धाराओं के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। हेमंत भी पूर्व में कई बार चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

.....

Next Post

ई-टोकन प्रणाली से सुगम हुआ किसानों को उर्वरक मिलना  95 हजार मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक का वितरण

Sun Nov 29 , 2026
जबलपुर। जिले में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद वितरण में होने वाली परेशानियों और लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए लागू की गई ई-टोकन और ई-विकास प्रणाली के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश में जिले से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई इस व्यवस्था […]

You May Like