
भोपाल। कोलार इलाके में बीते दिनों दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और तलवारबाजी की वारदात में फरार तीन बदमाशों ने मंगलवार को पुलिस के सामने सरेंड़र कर दिया. सरेंड़र करने वाले बदमाश कजलीखेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे. सभी आरोपियों से थाने में ही पूछताछ की गई.
डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया और थाना प्रभारी सहित पुलिस कर्मियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. पुलिस ने रविवार को वारदात में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पकड़ कर इलाके में जुलूस भी निकाला था. बीते शुक्रवार को हुई वारदात में दोनों पक्षों की तरफ से घातक हमला किया गया था. घटना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर एक पक्ष के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. घटना के बाद से 6 फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी. कोलार पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की.
जानकारी के मुताबिक इलाके के 80 फीट रोड़ पर स्थित झुग्गी बस्ती में मारपीट और तलवारबाजी की घटना हुई थी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपियों लक्ष्मण, अजय बैरागी, राहुल बैरागी, ऋष्भ बैरागी और दीपक नाथ के खिलाफ केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया था. इस बारदात में शामिल अन्य आरोपियों अमन यादव, जीतू यादव, कृष्णा नागले, शुभम बांडा और राजेश राही भी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं.
