
जबलपुर। जिले में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद वितरण में होने वाली परेशानियों और लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए लागू की गई ई-टोकन और ई-विकास प्रणाली के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश में जिले से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत वर्तमान रबी सीजन में भी किसान घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग कर सुगमता से खाद प्राप्त कर रहे हैं।
उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे के अनुसार ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत जिले में एक अप्रैल 2026 से अभी तक कुल 95 हजार 049.37 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। इसमें सर्वाधिक 53 हजार 656.92 मीट्रिक टन यूरिया और 21हजार 880.2 मीट्रिक टन डीएपी व टीएसपी शामिल हैं । कटहरे ने बताया कि ई-टोकन प्रणाली की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में एक अप्रैल से अभी तक तक 1 लाख 29 हजार 311 किसानों द्वारा 666 विक्रेताओं, विपणन संघ एवं सहकारी समितियों से 28 नवंबर 2026 तक कुल 2 लाख 87 हजार 212 ई-टोकन बुक किए गए हैं। इनमें से 2 लाख 11 हजार 360
टोकन पर किसान केंद्रों पर पहुंचकर खाद का उठाव कर चुके हैं। उप संचालक कृषि के मुताबिक रबी सीजन के लिए जिले में सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से बुकिंग और वितरण की पारदर्शी प्रक्रिया होने से वितरण केंद्रों पर किसानों की कतार कम हुई है।
