ग्वालियर: नवीन श्रम संहिताओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और रोजगार प्रोत्साहन कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर में जिला स्तरीय ‘श्रम संवाद’ आयोजित किया गया। इसमें केंद्र एवं राज्य शासन के अधिकारियों तथा औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने श्रम कानूनों, कार्यस्थल सुरक्षा और श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ग्वालियर सत्य वर्धन गौतम ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 99,446 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय वाली इस योजना का लक्ष्य देश में 3.5 करोड़ से अधिक नए रोजगार अवसरों का सृजन करना है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर क्षेत्र में योजना के तहत अब तक लगभग 9.34 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है। इसमें 4,655 कर्मचारियों को लगभग 2.38 करोड़ रुपये तथा 653 नियोक्ताओं को लगभग 6.96 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। कर्मचारी लाभार्थियों में 1,293 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने पात्र कर्मचारियों और नियोक्ताओं से योजना का लाभ लेने का आह्वान किया।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के निदेशक मिनहाज अहमद ने 29 केंद्रीय श्रम अधिनियमों को समाहित कर बनाई गई चार नवीन श्रम संहिताओं के प्रावधानों, श्रम कानूनों के सरलीकरण और सामाजिक सुरक्षा के विस्तार पर प्रकाश डाला। अन्य विशेषज्ञों ने श्रम संहिताओं के अनुपालन, कार्यस्थल पर सुरक्षा और श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अवर सचिव संजय तिवारी, डीजीओएसएच के उप निदेशक (सुरक्षा) साकेत कुमार पांडेय, एसआरएफ लिमिटेड मालनपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं फैक्ट्री प्रमुख तथा सीआईआई ग्वालियर क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, डीजीएलडब्ल्यू के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल तथा ग्वालियर के श्रम अधिकारी आशीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं औद्योगिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर द्वारा रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।
