
छिंदवाड़ा। शहर और निगम सीमा क्षेत्र में नियम-कायदों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में निगम प्रशासन ने मौजा पोआमा स्थित एक अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत अनाधिकृत घोषित कर दिया है। निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चंदनगांव निवासी राजकुमार बरपेटे द्वारा मौजा पोआमा के खसरा नंबर 119/2/1 (रकबा 0.4050 हेक्टेयर) की कृषि भूमि पर बिना डायवर्जन, रेरा पंजीयन और विकास अनुमति के अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचे जा रहे थे। निगम उपयंत्री की जांच में मौके पर गेट, बाउंड्रीवॉल व सड़क निर्माण पाया गया, वहीं 2 भूखंडों की रजिस्ट्री भी हो चुकी थी। प्रशासन के अंतिम नोटिस पर भूमि स्वामी द्वारा दिया गया जवाब जांच में झूठा और आधारहीन पाया गया, जिसे निगम ने सिरे से खारिज कर दिया। मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास नियम) 2021 के उल्लंघन के चलते इस कॉलोनी को अवैध घोषित किया गया है। नियमों के तहत अब संबंधित कॉलोनाइजर के विरुद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की दांडिक कार्रवाई की जाएगी।
