
रीवा, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर तथा उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को बाबूपुर चोरहटा में राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया. मानस पीठाधीश्वर खजुरीताल स्वामी रामललाचार्य ने विधानसभा अध्यक्ष तथा उप मुख्यमंत्री को सम्मानित करते हुए आशीर्वाद दिया. विधानसभा अध्यक्ष तथा उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि यह प्राचीन मंदिर और तालाब पूर्वजों के जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है. इस परिसर को विकसित करके सुंदर बनाएंगे. उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. उनके प्रयासों का फल इस रानी तालाब परिसर को भी अवश्य मिलेगा.
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मंदिर परिसर का विकास कार्य तेजी से किया जाएगा. रीवा में जिस तरह कई तालाबों का सौंदर्यीकरण किया गया है उसी तरह रानी तालाब चोरहटा को भी सुंदर बनाया जाएगा. रीवा का तेजी से विकास हो रहा है. रीवा के विकास का लाभ इसके आसपास के ग्रामों को भी मिलेगा. राम-जानकी मंदिर इस क्षेत्र के लोगों की आस्था का केन्द्र है. इसे सुंदर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के प्रयासों से इस मंदिर परिसर का शीघ्र ही विकास होगा और इसे नया जीवन मिलेगा.
कार्यक्रम में अतिथियों को आशीर्वाद देते हुए स्वामी रामललाचार्य ने कहा कि कभी इस स्थान पर थोड़ी सी भी जगह नहीं थी. लेकिन उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के प्रयासों से यहाँ रामकथा और यज्ञ का आयोजन होने के बाद पूरा क्षेत्र सुंदर हो गया है. इस क्षेत्र के विकास से रीवा का विकास होगा. इस तालाब का निर्माण तीन सौ वर्ष पहले महारानी कुंदन कुमारी द्वारा कराया गया था. मंदिर परिसर में वन विभाग द्वारा 150 पौधे रोपित किए गए हैं. इसके सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है. कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी गुरकरन सिंह, गौरव तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.
