नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि गर्भावस्था से जुड़े अनुसंधान के तहत वैज्ञानिक ऐसे बायोमार्कर विकसित करने पर काम कर रहे हैं, जिनसे प्रसव के समय महिलाओं में मधुमेह के जोखिम का आकलन किया जा सकेगा जिससे और अधिक लक्षित अनुवर्ती कार्रवाई तथा निवारक देखभाल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
डॉ. सिंह ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि देश में जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अंतरिक्ष सहित डीप-टेक तथा विज्ञान-आधारित उद्यमों की दिशा में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए नये द्वार खुलने से उद्यमियों को नये अवसर मिल रहे हैं और इन क्षेत्रों में सफल उद्यमों के सामने आने से उद्योग जगत से अधिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। डीप-टेक स्टार्टअपों को अपना पहला बड़ा ग्राहक प्राप्त करने में सामने आने वाली चुनौतियों से जुड़े प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकार अधिक सहायक और सक्षम वातावरण तैयार कर रही है।
उन्होंने स्टार्टअपों को मिलने वाली सहायता में अधिक जोखिम उठाने की गुंजाइश बढ़ाने के लिए किये गये सुधारों का उल्लेख किया, जिसके तहत वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के एक प्रावधान में फंडिंग के लिए स्टार्ट-अप के कम से कम तीन वर्ष पुराने होने की अनिवार्य शर्त को समाप्त किया गया है।
डॉ. सिंह ने सरकार, उद्योग, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के बीच तालमेल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अलग-थलग काम करने का दौर अब समाप्त हो चुका है। विशेषज्ञता, संसाधनों और निवेश के समन्वय से नवाचार की रफ्तार बढ़ेगी और अनुसंधान को व्यावहारिक उपयोग के अधिक निकट लाया जा सकेगा।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवा नवाचार का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। इसके लिए संपूर्ण-राष्ट्र दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है, जिसमें अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए परोपकार की सशक्त संस्कृति के साथ सरकार, उद्योग और चिकित्सा पेशेवर मिलकर काम करें।
