नड्डा, शिवराज और सुधांशु त्रिवेदी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर, (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी शुक्रवार, आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचेंगे। तीनों नेता राजधानी रायपुर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

भाजपा की ओर से आज देर शाम जारी कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार दोपहर एक बजे रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल से वह सीधे सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद अपराह्न 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे। दुर्ग के पुलगांव स्थित महेश कॉलोनी में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद वह शाम चार बजे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम सात बजे रायपुर पहुंचेंगे। वह शनिवार, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजधानी स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक तनाव प्रबंधन संस्थान में आयोजित खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी शुक्रवार दोपहर एक बजे रायपुर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

तीनों वरिष्ठ नेताओं के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर भाजपा की ओर से कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं।

Next Post

सामूहिक करवा चौथ आयोजन में 535 सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए किया करवा चौथ व्रत का पूजन

Fri Oct 30 , 2026
ग्वालियर: सुहागिनों के महापर्व करवा चौथ पर सनातन धर्म मंदिर में पंजाबी परिषद समिति के 14वें सामूहिक करवा चौथ आयोजन में 535 सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए व्रत का पूजन किया। करवा चौथ व्रत को लेकर पंजाबी परिषद एवं समाज की सुहागिनों में भारी श्रद्धा और उत्साह दिखाई […]

You May Like