जनसुनवाई में नहीं पहुंच रहे अधिकारी-कर्मचारी,चार पंचायतों में मिले सिर्फ पंचायत प्रतिनिधि  

(राजकुमार प्रजापति) अशोकनगर। कलेक्टर आदित्य सिंह द्वारा आमजन की समस्याओं का निराकरण पंचायत स्तर पर हो सके, इसकी व्यवस्था करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन निर्देश का पालन नहीं हो रहा, जिसके फलस्वरूप जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में लोग अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर के पास पहुंच रहे है। वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई की हकीकात जानने के लिए नवभारत संवाददाता द्वारा मंगलवार को पड़ताल की गई। जिसके चलते टीम एक-एक कर शहर की समीपस्थ चार ग्राम पंचायतों में पहुंची, जहां सिर्फ पंचायत के प्रतिनिधि पंचायत भवनों में बैठे मिले और अन्य अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे ही नहीं। वहीं जब अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के जनसुनवाई में शामिल होने की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि कई विभागों के लोग आजतक पंचायत स्तर की जनसुनवाई में पहुंचे ही नहीं है, जबकि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई किए जाने के आदेश हुए करीब एक माह होने को है और इसमें करीब चार मंगलवार बीत चुके है।

तूमैन में बैठे मिले सचिव एवं रोजगार सहायक:

ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई की हकीकत जानने के लिए नवभारत टीम सबसे पहले करीब 11:05 पर ग्राम पंचायत तूमैन पहुंची, जहां पर सरपंच पति रामसिंह सिख, सचिव बृजेंद्र साहू एवं रोजगार सहायक सतीश शर्मा बैठे हुए थे। जब उनसे अन्य अधिकारी-कर्मचारियोंं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि पटवारी का ऑपरेशन हुआ है, जिसके चलते वह नहीं आए है। वहीं अन्य लोगों की जानकारी चाही गई तो उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने चुप्पी साध ली।

सिकंदरा में सहायक सचिव चलाते मिले लैपटॉप:

नवभारत की टीम अपनी पड़ताल के दौरान समीपस्थ ग्राम पंचायत सिकंदरा 11:35 पर पहुंची, जहां पर जनसुनवाई की कमान सहायक सचिव संभाले हुए मिले। इस दौरान पंचायत भवन में सहायक सचिव सोनू शर्मा के अलावा कोई मौजूद नहीं था। इस दौरान जब उनसे अन्य लोगों के बारे में जानकारी चाही गई, तो उन्होंने बताया कि सचिव चंद्रभान रोड़ की मरम्मत कार्य को देखने के लिए गए हुए है। वहीं उन्होंने पटवारी को लेकर बताया कि पास में ही जमीन की नपती कराने के लिए गए है।

भौराकाछी अकेले बैठे नजर आए रोजगार सहायक:

पड़ताल के दौरान टीम का अगला पड़ाव ग्राम पंचायत भौराकाछी था, जहां 12:20 पर पहुंची, तो देखा कि पंचायत भवन के बाहर रोजगार सहायक लक्ष्मी नारायण कुशवाह नजर आए, टीम के पहुंचने के बाद वह अपनी कुर्सी पर बैठे। इस दौरान जब उनसे जनसुनवाई में शामिल होने वाले अन्य लोगों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि सचिव का अतिरिक्त चार्ज दीपेश जैन पर है, जो कि एसडीओ के निरीक्षण के चलते चले गए है, क्योंकि उन पर दूसरी पंचायत का कार्यभार भी है। वहीं पटवारी को लेकर वह अनभिज्ञ नजर आए, क्योंकि ट्रांसफर के चलते नये पटवारी ने हल्का संभाला है।

भौराखाती में ग्रामीण सहित बैठे मिले सचिव एव रोजगार सहायक:

ग्राम पंचायत से सटी हुई ग्राम पंचायत भौराकाछी है, जिसके चलते टीम ग्राम पंचायत भौराखाती पहुंची, जहां पर ग्रामीण सहित पंचायत प्रतिनिधि बैठे हुए थे, यह पर एक शिकायती आवेदन भी आया हुआ था। पंचायत भवन में बैठे सचिव मर्दन सिंह कुशवाह और सहायक सचिव शिवकुमार शर्मा से जनसुनवाई के लिए आने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटाई गई, तो उन्होंने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी अभी आए थे और हस्ताक्षर कर चले गए। वहीं पटवारी सहित अन्य लोगों की जानकारी देने में दोनो ने असमर्थता जताई।

जनसुनवाई में इन्हें रहना चाहिए मौजूद:

ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए ग्राम पटवारी, सचिव ग्राम पंचायत, रोजगार सहायक, शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेता, लाइन मेन, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, पुश चिकित्सक, बीट गार्ड तथा हैण्ड पंप मैकेनिक शामिल है। जो जनसुनवाई के दौरान अपने-अपने विभागों के आवेदन पत्रों को प्राप्त करने के साथ ही विधिवत पंजी संधारित करते हुए आवेदनों के निराकरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी को प्रेषित करना सुनिश्चित किया गया है।

इनका कहना है।

बहुत सारे विभागों के प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिकारी नहीं होते, कई पंचायतों के बीच में एक अधिकारी-कर्मचारी होते है। यदि कोई भी कहीं पर उपस्थित नहीं होंगे, तो उनके विरूद्ध कार्यवाहीं की जाएगी।

आदित्य सिंह, कलेक्टर अशोकनगर।

Next Post

6 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Tue Jul 22 , 2025
रीवा। मऊगंज जिले की नईगढ़ी पुलिस ने नशे के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 6 पेटी अवैध शराब जप्त कर दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है. नईगढ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक लाल रंग की कार चिल्ल तरफ से नईगढी तरफ आ रही है. जिसमे अवैध रूप […]

You May Like