
जबलपुर। सिविल लाइन में शादी की रस्मों के बीच वर पक्ष की लगातार बढ़ती फरमाइशों और अंत में एसी की डिमांड पूरी न होने पर बारातियों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने न केवल खाना खाने से इनकार कर दिया, बल्कि मारपीट कर बारात वापस ले गए। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं गोराबाजार थाने में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरा बाजार निवासी मुरारी लाल कोरी, वर्ष 2013 में खमरिया फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी बड़ी बेटी का विवाह घमापुर निवासी युवक के साथ तय किया था। 24 नवंबर की रात बारात सिविल लाइन स्थित बंधन बारात घर पहुंची। दुल्हन के जीजा के मुताबिक, शादी से पहले द्वारचार के समय अंगूठी या सोने की चेन देने जैसी कोई बात तय नहीं हुई थी, लेकिन बारात पहुंचने के बाद वर पक्ष ने अलग-अलग समय पर नई मांगें रखनी शुरू कर दीं। रात 1 बजे रस्मों के बीच सबसे पहले सोने की अंगूठी की मांग की गई। रात 2 बजे जयमाला से ठीक पहले सोने की चेन मांगी गई। बेटी का घर बसाने की खातिर सेवानिवृत्त पिता मुरारी लाल ने रात में ही गोरा बाजार से करीब 5 किलोमीटर दूर से चेन मंगवाकर वर पक्ष को सौंप दी। रात 3 बजे जयमाला संपन्न होने के बाद जब भोजन का समय आया, तो वर पक्ष ने अचानक एसी की मांग रख दी और मांग पूरी न होने तक भोजन करने से साफ मना कर दिया। पिता की सीमित आर्थिक स्थिति को देखते हुए दुल्हन ने एसी की इस अनुचित मांग का विरोध किया। दुल्हन के आपत्ति जताते ही वर पक्ष के लोग भडक़ गए और बात विवाद में बदल गई। आरोप है कि बारातियों ने दुल्हन के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और बिना शादी किए ही बारात वापस ले गए। गोराबाजार थाना प्रभारी संजीव कुमार द्विवेदी का कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी ।
