
छिंदवाड़ा। परासिया क्षेत्र के झुरेमाल में देर रात तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और बोलेरो उसमें फंसकर रुक गई। हादसे के वक्त घर में वेकोली कर्मचारी रवि साहनी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मौजूद थे। गनीमत रही कि परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 28 जेडडी 3026 कृष्णा पटेल चला रहा था। वाहन नेहरिया सब एरिया में एग्रीमेंट पर चलाया जा रहा था, जिसका अनुबंध एक दिन पहले ही समाप्त हो चुका था। बताया जा रहा है कि चालक निर्धारित समय के बाद वाहन लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान झुरेमाल की गली में वाहन अनियंत्रित होकर रवि साहनी के मकान से टकरा गया।
चालक पुलिस हिरासत में, नशे में होने की जांच ००००००
टक्कर की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक कृष्णा पटेल को हिरासत में ले लिया है। चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। बोलेरो का मालिक चालक का जीजा बताया जा रहा है। एग्रीमेंट समाप्त होने के बाद भी वाहन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
