निर्माणाधीन अस्पताल भवन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सीधी । जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का कलेक्टर विकास मिश्रा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर वार्ड, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, जल निकासी, पार्किंग तथा परिसर के समुचित विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नया अस्पताल भवन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भवन निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा हो, उनका समय रहते निराकरण कर निर्माण की गति बनाए रखी जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिला अस्पताल का नवीन भवन तैयार होने के बाद जिलेवासियों को एक ही परिसर में अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त में 41 फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार

Sun Jul 19 , 2026
सीधी। सीधी पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त में 41 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में दिनांक 18-19 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात्रि जिलेभर में विशेष साप्ताहिक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के […]

You May Like