पंजाब में गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल किया, देश में सर्वाधिक: भगवंत मान

चंडीगढ़, 25 नवंबर (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल करने की बुधवार को घोषणा की।

उन्होंने दावा किया कि यह देश में गन्ने का सर्वाधिक मूल्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सभी चीनी मिलें 25 नवंबर से अपना संचालन शुरू करेंगी।

यहां उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री मान ने कहा कि उनकी सरकार किसानों की आर्थिक खुशहाली और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गन्ने का भाव बढ़ाने से राज्य के हजारों गन्ना उत्पादकों को आर्थिक राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना और उनकी समृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरते हैं और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि उपज के लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्री मान ने कहा कि 25 नवंबर से चीनी मिलों का संचालन शुरू होने से गन्ना उत्पादकों को अपनी फसल समय पर और सुविधाजनक ढंग से मिलों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए किसान हितैषी फैसले ले रही है।

 

 

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 1.8 प्रतिशत चढ़ा

Wed Nov 25 , 2026
मुंबई, 25 नवंबर (वार्ता) निजी बैंकों और वित्तीय कंपनियों में लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक 1.8 प्रतिशत की बढ़त में नौ महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,502.29 अंक […]

You May Like