
नई दिल्ली, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कांग्रेस नेताओं के अकाउंट निलंबित करने तथा पोस्ट पर प्रतिबंध लगाने को लेकर उपजे भारी विवाद के बीच मेटा के शीर्ष अधिकारियों ने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बंद कमरे में एक महत्वपूर्ण बैठक की है.
बताया जा रहा है कि इस बैठक में मेटा की ओर से भारत में पब्लिक पॉलिसी के दो प्रमुख अधिकारी अमन जैन और नताशा जोग शामिल हुए. वहीं कांग्रेस का पक्ष सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत तथा युवा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने रखा.
सूत्रों ने बताया कि वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मेटा पर सत्ताधारी दल भाजपा के प्रति पक्षपात करने और विपक्ष की आवाज दबाने का सीधा आरोप लगाया. पार्टी ने राहुल गांधी और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित अन्य नेताओं के निलंबित इंस्टाग्राम खातों को तुरंत बहाल करने तथा एल्गोरिदम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की. दूसरी ओर मेटा के अधिकारियों ने किसी भी राजनीतिक पक्षपात के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि कंपनी सभी राजनीतिक दलों के प्रति पूरी तरह तटस्थ है. मेटा ने स्पष्ट किया कि वह भारत के संशोधित आईटी नियमों और स्थानीय कानूनों के तहत काम करने के लिए बाध्य है, जिसके कारण नियमों का उल्लंघन करने वाली सामग्री और खातों पर कार्रवाई की जाती है. हालांकि बैठक में मेटा ने निलंबित अकाउंट बहाल करने को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया. इसके बावजूद युवा कांग्रेस ने मेटा को प्रतिबंधित अकाउंट बहाल करने के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है. बैठक में मेटा प्रतिनिधिमंडल ने देश भर में कंपनी के दफ्तरों के बाहर हो रहे प्रदर्शनों और कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता भी व्यक्त की. अधिकारियों ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे शहरों में मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की गणवेश में दिखाने वाले विवादित पोस्टर लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई.
उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर से भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के कार्यालयों के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था, जिस दौरान कई जगह पुलिस के साथ झड़पें भी हुईं.
