ब्रसेल्स, 18 जुलाई (वार्ता) यूरोपीय संघ(ईयू) ने यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस के खिलाफ नये प्रतिबंधों वाले ‘18वें प्रतिबंध पैकेज’ को मंजूरी दी है।
इसमें रूस के बैंकिंग, ऊर्जा ,सैन्य-औद्योगिक क्षेत्रों के अलावा तेल और पाइपलाइन उद्योग को और अधिक चोट पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “ इन प्रतिबंधों का स्वागत कीजिए। ये प्रतिबंध अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंधों के पैकेजों में से एक हैं। प्रत्येक प्रतिबंध रूस की युद्ध करने की क्षमता को कमजोर करता है। यूरोप यूक्रेन के समर्थन में पीछे नहीं हटेगा और रूस के खिलाफ हमारे 18वें प्रतिबंध पैकेज पर समझौते का स्वागत करती हूं। हम रूस के अहम सेक्टरों को निशाना बना रहे हैं। बैंकिंग, ऊर्जा और सैन्य-औद्योगिक क्षेत्रों को लक्ष्य बनाने के अलावा तेल मूल्य सीमा भी इसमें शामिल है। है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन जब तक इस युद्ध को समाप्त नहीं करते तब तक ये प्रतिबंध जारी रहेंगे।”
ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने एक्स पर कहा “हम लागत बढ़ाते रहेंगे ताकि रूस के लिए इस आक्रमण को रोकना एकमात्र विकल्प बन जाए। इस प्रतिबंध पैकेज में रूस के नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइनों से संबंधित लेनदेन पर प्रतिबंध और रूस के वित्तीय क्षेत्र पर अतिरिक्त रोक भी शामिल हैं।”
गौरतलब है कि यूरोपीय संघ 2027 के अंत तक रूसी आयात पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास कर रहा है1 फ्रांस ने इन पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस पर लगाए गए यूरोपीय संघ के नए प्रतिबंध अभूतपूर्व हैं और उसे युद्धविराम के लिए मजबूर करेंगे।
