ब्रिटिश सशस्त्र बलों के साथ काम करने वालों पर मुकदमा नहीं: तालिबान

मास्को, 18 जुलाई (वार्ता/स्पुतनिक) तालिबान उन अफगानों पर मुकदमा नहीं चलाएगा जिन्होंने ब्रिटिश सेना के साथ काम किया था और जिनका डेटा लीक होने के कारण उजागर हो गया था। यह जानकारी अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने शुक्रवार को दी।

ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हेली ने 15 जुलाई को पहली बार ब्रिटिश सेना के साथ सहयोग करने वाले हजारों अफगानों के लिए पुनर्वास कार्यक्रम होने की बात स्वीकार की थी। 2022 में, अफ़ग़ान पुनर्वास एवं सहायता नीति (एआरएपी) में भागीदारी के लिए आवेदन करने वाले लगभग 19,000 अफ़ग़ानों का डेटा लीक हो गया था। उनके परिवार के सदस्यों को शामिल करते हुए इस लीक ने लगभग एक लाख अफ़ग़ानों को जोखिम में डाल दिया था।

फितरत ने कहा,’’सर्वोच्च नेता का माफी संबंधी आदेश सभी को सुरक्षा की गारंटी देता है और किसी पर उसके पिछले कृत्यों के लिए मुकदमा नहीं चलाया जाएगा। जिन लोगों को माफी दी गई है उन पर निगरानी रखने के लिए इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान की खुफिया सेवाओं की कोई आवश्यकता नहीं है।’’

ब्रिटिश रक्षा सचिव जॉन हेली ने मंगलवार को खुलासा किया कि उनकी सरकार ने हजारों अफगानों को गुप्त रूप से यूनाइटेड किंगडम में बसाया है क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी निजी जानकारी लीक होने के बाद तालिबान उन्हें निशाना बना सकता है।

टोलो न्यूज पोर्टल के अनुसार, लीक के बाद 4,500 अफगानों को गुप्त रूप से पुनर्वासित करने के बाद ब्रिटेन सरकार आंतरिक विवादों का सामना कर रही है।

द गार्जियन अखबार ने ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा कि इसके अलावा, एमआई6 खुफिया सेवा और स्पेशल एयर सर्विस (एसएएस) के कर्मचारियों सहित 100 से अधिक ब्रिटिश नागरिकों का डेटा भी लीक हो गया था।

 

Next Post

उत्तरी अमेरिका में जंगल की आग तेज हुई

Fri Jul 18 , 2025
कोलाेरेडो, 18 जुलाई (वार्ता) उत्तरी अमेरिका में जंगल की आग लगातार फैलने के कारण कनाडा में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। अमेरिका के कोलाेरेडो राज्य में जंगल की आग 4,160 एकड़ तक फैल गई है। इससे वहां की आबादी और जंगली जीवों को भारी मुश्किलों का सामना […]

You May Like