नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि देश की जैव-अर्थव्यवस्था वर्ष 2030 तक 300 अरब डॉलर तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है। डा. सिंह ने यहां सीआईआई ग्लोबल जीनोमिक्स सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए आज कहा कि जैव प्रौद्योगिकी आने वाली औद्योगिक क्रांति को गति देने वाली प्रमुख तकनीक बनेगी और स्वास्थ्य, कृषि तथा आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने उद्योग जगत, स्टार्टअप और निवेशकों से जैव प्रौद्योगिकी, जीनोमिक्स और मल्टी-ओमिक्स के क्षेत्र में निवेश और भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि भारत में बायोटेक स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2014 में महज 50-60 थी, जो बढ़कर आज लगभग 11 हजार हो गई है। इसी अवधि में देश की जैव-अर्थव्यवस्था करीब 10 अरब डॉलर से बढ़कर लगभग 195 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि डीएनए सीक्वेंसिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई), कंप्यूटेशनल बायोलॉजी और प्रोटियोमिक्स जैसी आधुनिक तकनीकें बीमारियों की बेहतर पहचान और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप उपचार विकसित करने में मददगार साबित होंगी। भारत की विशाल आनुवंशिक विविधता को जीनोमिक अनुसंधान के लिए वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उन्होंने कहा कि जीनोम इंडिया परियोजना के तहत 80 अलग-अलग आबादी समूहों के 10 हजार लोगों की संपूर्ण जीनोम सीक्वेंसिंग की जा चुकी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी का उपयोग केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि और पशुपालन में भी इसके व्यापक अवसर हैं। जीनोमिक्स के माध्यम से फसलों की उत्पादकता, पोषण गुणवत्ता और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ जलवायु अनुकूल कृषि को प्रोत्साहन दिया जा सकता है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने निजी क्षेत्र से अनुसंधान एवं विकास में निवेश बढ़ाने और सरकारी संस्थानों, शोध संगठनों तथा स्टार्टअप के साथ साझेदारी मजबूत करने की अपील की। उन्होंने एक लाख करोड़ रुपये की अनुसंधान, विकास एवं नवाचार (आरडीआई) योजना को निजी निवेश बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जैव प्रौद्योगिकी उत्पादों और उन्नत उपचारों से जुड़ी नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए भी संबंधित संस्थानों के साथ काम कर रही है। उन्होंने सीआईआई से सरकार और उद्योग के बीच सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक प्रगति का वास्तविक मूल्यांकन इस बात से होगा कि उससे कितने लोगों का जीवन बेहतर हुआ और कितने नए उत्पाद तथा आर्थिक अवसर विकसित हुए।

