रीवा। जिले के गढ़ में बीती रात तीन फल और सब्जी की दुकानों में आग लगने से हजारों रुपए का नुकसान हो गया। आग शासकीय माध्यमिक विद्यालय गढ़ के बगल में स्थित दुकानों में लगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच दुकानों में आग लगी। स्थानीय लोगों ने फोन कर दुकानदारों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने देखा कि उनकी दुकान में रखा फल और सब्जियों का सामान आग की चपेट में आकर जल चुका था।
आग से रामनारायण गुप्ता की फल दुकान में करीब 30 से 35 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, महेंद्र गुप्ता की सब्जी दुकान में 40 से 50 कैरेट सब्जियां जलकर नष्ट हो गईं। राजमणि जायसवाल की फल और सब्जी दुकान में भी करीब 50 से 60 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है।
गौरतलब है कि इससे पहले 28 अक्टूबर को भी रामनारायण गुप्ता की दुकान में आग लगने की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। इस बार हुई आगजनी की घटना की भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
