रावजी बाजार में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, पांच लोग अस्पताल पहुंचाए

इंदौर: रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात गैस रिसाव की घटना से अफरा-तफरी मच गई. एक कबाड़ी की दुकान पर गैस से भरे सिलेंडर को काटने के दौरान रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास का इलाका प्रभावित हो गया. जहरीली गैस के असर से लोगों को सांस लेने में तकलीफ, घबराहट और उल्टियां होने लगीं. अब तक पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल भिजवाया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर को काटते ही तेज गंध के साथ गैस फैलने लगी. स्थिति बिगड़ते देख आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए. राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने एहतियात के तौर पर मुंह और नाक पर कपड़ा बांध लिया. कुछ देर के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. दमकल दल ने सिलेंडर को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर हटाया. क्षेत्र में पानी के टैंकर बुलाकर छिड़काव कराया गया, जिससे गैस का असर कम किया जा सके.

थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कबाड़ी द्वारा बिना सुरक्षा इंतजाम के गैस भरे सिलेंडर को काटा जा रहा था, जिससे रिसाव हुआ. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है

Next Post

इंस्टाग्राम पर चाकू के साथ किए पोस्ट के बाद युवक पर कार्रवाई

Fri Feb 27 , 2026
इंदौर: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के बाद एक युवक को पुलिस ने चाकू सहित गिरफ्तार किया है. मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है.पुलिस के मुताबिक विशाल पारिया पिता श्रीपाल पारिया, निवासी 5 रतलाम कोठी, गीता भवन के पास, को गोमा पंचम की फैल के सामने नगर निगम ग्राउंड […]

You May Like