
कटनी। जिले में पिछले करीब डेढ़ साल से रेत की 49 खदानें कागजों पर बंद होने के बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल धड़ल्ले से जारी है। रेत माफिया नदियों की बीच धार में अस्थायी सड़कें बनाकर और रात के अंधेरे में पोकलेन, जेसीबी व चेन माउंटेन जैसी भारी मशीनों का उपयोग कर रोजाना 10 लाख रुपये से अधिक की रेत निकाल रहे हैं।
प्रमुख नदियां और प्रभावित क्षेत्र
बरही और बड़वारा क्षेत्र की महानदी, उमराड़, पिपही और भदार नदियों को भारी मशीनों से छलनी किया जा रहा है। कई स्थानों पर खनन के कारण नदियों के प्राकृतिक बहाव की दिशा तक बदल गई है। विशेष रूप से सुतरी, छिंदहाई पिपरिया, बहिरघटा, ताली मोहनी, सलैया-सिहोरा और खितौली के कर्चल्हा घाट पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है।
दूसरे जिले की अनुमति की आड़ में खेल
ग्रामीणों का आरोप है कि माफिया पड़ोसी जिले उमरिया की खनन अनुमति की आड़ लेकर रात में कटनी की सीमा में उत्खनन करते हैं। भदार नदी के मुड़गुड़ी क्षेत्र (जो बांधवगढ़ के संवेदनशील बफर जोन से जुड़ा है) से रेत निकालकर मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सप्लाई की जा रही है।
ग्रामीणों की सुरक्षा दांव पर, पुराने नाके भी बरकरार
बरही नगर और ग्रामीण इलाकों की संकरी सड़कों से दिन-रात रेत से भरे ओवरलोड भारी वाहनों और ट्रैक्टरों के गुजरने से स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा, पूर्व ठेका कंपनी (धनलक्ष्मी) के मझगवां, विलायतकला और बसाड़ी स्थित नाकों के अवैध स्ट्रक्चर आज भी सड़कों पर खड़े हैं, जिन्हें प्रशासन अब तक नहीं हटवा पाया है।
प्रशासन का पक्ष
मामले पर खनिज उपसंचालक डॉ. रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जिले की खदानें बंद हैं और सुतरी में अवैध खनन की शिकायत पर औचक जांच कर नाकों के स्ट्रक्चर हटवाए जाएंगे।
