वाशिंगटन, 25 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध के लिए जनवरी के अंत तक धन की व्यवस्था सुनिश्चित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डेमोक्रेट्स कांग्रेस पर अपना संभावित नियंत्रण हासिल करने के बाद युद्ध को अचानक समाप्त कराने के लिए इसका इस्तेमाल नहीं करेंगे। व्हाइट हाउस में न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए एक विशेष साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने स्वीकार किया कि जनवरी में डेमोक्रेट्स के कांग्रेस का नियंत्रण संभालने के बाद उनके सैन्य विकल्पों पर कुछ पाबंदियां लग सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सैन्य अभियान को समय से पहले समाप्त करने से बड़ी सैन्य जीत हार में बदल सकती है।
श्री ट्रंप ने कहा, “वे (डेमोक्रेट्स) ऐसा करेंगे तो ईरान पर मिली पूरी जीत को हार में बदल देंगे। मेरा मतलब है कि अगर वे ऐसा करते हैं तो देखिए, ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उसकी वायुसेना खत्म हो चुकी है, उसकी विमानरोधी रक्षा व्यवस्था और सब कुछ नष्ट हो चुका है। उसके नेता भी खत्म हो चुके हैं। अगर डेमोक्रेट्स ऐसा करते हैं तो वे जीत को हार में बदल देंगे।” यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस की पाबंदियों के बिना सैन्य अभियान जारी रखने का उनका समय सीमित होता जा रहा है श्री ट्रंप ने कहा कि जनवरी तक युद्ध के लिए धन उपलब्ध है।
उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे जीत को हार में बदल देंगे, क्योंकि ऐसा ही होगा। हां, लेकिन जनवरी के अंत तक हमारे पास युद्ध के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध है।” श्री ट्रंप ने दावा किया कि जब भी वह चाहेंगे, युद्ध समाप्त कर सकते हैं। उन्होंने अखबार से कहा, “मुझे नहीं पता कि वे राजनीतिक रूप से ऐसा कैसे कर सकते हैं, क्योंकि हम जीत चुके हैं। हम जब चाहें इस युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।” ईरान में सत्ता परिवर्तन के इजरायल के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर श्री ट्रंप ने कहा कि इस्लामी गणराज्य को समाप्त करना संभव हो सकता है, लेकिन यह उनके सैन्य अभियान का उद्देश्य नहीं है।
इस्लामी गणराज्य को समाप्त करने की संभावना पर उन्होंने कहा, “शायद ऐसा किया जा सकता है।” उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ यह नहीं चाहता कि उनके पास परमाणु हथियार हो। मैं कभी सत्ता परिवर्तन के पक्ष या विपक्ष में नहीं रहा। यह मेरे लिए कभी कोई शर्त नहीं थी।” श्री ट्रंप इससे पहले भी युद्ध को प्रभावी रूप से समाप्त बता चुके हैं। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया था कि परमाणु समझौते के लिए ईरान पर दबाव बनाने के उद्देश्य से अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी जारी रखेगा। इसके अलावा, ईरान ने युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए अमेरिका से मुआवजे की मांग की है। ईरान की अदालतों ने अमेरिका को 290 अरब डॉलर का मुआवजा देने का आदेश दिया है। ईरान में न्यायपालिका के अधिवक्ता केंद्र के प्रमुख हसन अब्दोलियनपुर ने कहा, “हमने घरेलू अदालतों से ऐसे फैसले हासिल किए हैं, जिनमें अमेरिकियों के खिलाफ 290 अरब डॉलर के हर्जाने का आदेश दिया गया है।”
श्री ट्रंप ने एक स्कूल पर हवाई हमले में 120 विद्यार्थियों और शिक्षकों की मौत के मामले में ईरान की ओर से अमेरिका से मुआवजा मांगने की घोषणा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईरान की मांग खारिज करते हुए तर्क दिया कि ईरान को इसके बजाय उन अमेरिकी नागरिकों की मौत के लिए अमेरिका को मुआवजा देना चाहिए, जो उनके अनुसार ईरान के हमलों में मारे गए हैं।
श्री ट्रंप ने कहा, “मैं उन लोगों के लिए मुआवजा चाहता हूं, जिनकी उन्होंने (ईरान ने) हत्या की है। यह रकम कहीं अधिक होगी, क्योंकि सबसे पहले उन्होंने पिछले सात महीनों में 75,000 प्रदर्शनकारियों की हत्या की है। इसके अलावा, वे वर्षों से हमारे लोगों की हत्या करते रहे हैं।” वर्ष 2000 में अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस कोल पर हुए हमले और अमेरिकी नागरिकों के मारे जाने की अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “यूएसएस कोल पर हमला हुआ। उन्होंने सैकड़ों अमेरिकियों की हत्या की है। इसलिए अगर वे मुआवजे की बात करना चाहते हैं तो इस मामले में जीत हमारी होगी।” श्री ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की शुरुआत 1979 की ईरानी क्रांति से भी जोड़ी। उन्होंने कहा, “यह युद्ध 1979 में शुरू हुआ था। मैंने इसे शुरू नहीं किया, लेकिन मैं अकेला ऐसा राष्ट्रपति हूं जो आगे बढ़कर इसका सामना करने को तैयार है। यह युद्ध 1979 में शुरू हुआ था। इसे काफी लंबा समय हो चुका है।”
श्री ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब अमेरिका में ईरान युद्ध के लिए धन उपलब्ध कराने में कांग्रेस के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो रही है। डेमोक्रेट्स ने युद्ध समाप्त कराने को अपने राजनीतिक एजेंडे का प्रमुख हिस्सा बनाया है।
उनका तर्क है कि युद्ध के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। जनवरी में कांग्रेस का नियंत्रण संभालने की संभावना के बीच पार्टी के कुछ सांसद सैन्य अभियान समाप्त करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के वास्ते बजट संबंधी अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं। कनेक्टिकट की डेमोक्रेटिक सांसद रोजा डेलॉरो ने युद्ध के लिए धन देने पर रोक लगाने का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। वह प्रतिनिधि सभा की शक्तिशाली विनियोग समिति की अध्यक्ष बनने वाली हैं। उ कहा, “अगर उन्हें धन चाहिए तो उन्हें कांग्रेस की मंजूरी लेनी होगी।” इस मामले में तत्काल परीक्षा सरकार के खर्च के लिए धन उपलब्ध कराने को लेकर होने वाली बातचीत के दौरान हो सकती है। सांसदों के सामने 11 दिसंबर की समयसीमा है, जिसके भीतर संघीय सरकार का कामकाज ठप होने से रोकने के लिए धन संबंधी विधेयक पारित करना होगा। डेमोक्रेट्स के कुछ सांसदों का तर्क है कि उन्हें ऐसे किसी भी अस्थायी वित्त पोषण प्रस्ताव का विरोध करना चाहिए, जिसमें ईरान युद्ध के लिए धन देने पर पाबंदियां शामिल न हों।
हालांकि, प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के कई वरिष्ठ सांसदों ने सरकार के खर्च से जुड़ी बातचीत को दबाव बनाने के हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के प्रति आगाह किया है। उनका कहना है कि ऐसी रणनीति से संघीय सरकार का कामकाज ठप हो सकता है।

