प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, छठी बार देश ने जीता खिताब

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने खिताब अपने नाम कर लिया। मौजूदा मिस यूनिवर्स और मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया। डोमिनिकन गणराज्य की मेलिसा नुनेज प्रथम उपविजेता रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने दूसरा उपविजेता स्थान हासिल किया। भारत की काजिया लिज मेजो शीर्ष 12 में पहुंचने से पहले प्रतियोगिता से बाहर हो गयी थीं। केरल से आने वाली लिज ने शीर्ष 30 में जगह बनायी, लेकिन शीर्ष 12 में जगह बनाने में नाकाम रहीं। शीर्ष 12 में चिली, डोमिनिकन गणराज्य, अमेरिका, न्यूजीलैंड, क्यूबा, प्यूर्टो रिको, फिलीपींस, कोलंबिया, निकारागुआ, वेनेजुएला, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और फ्रांस की प्रतिभागी शामिल थीं।

शीर्ष पांच फाइनलिस्ट में फिलीपींस, न्यूजीलैंड, वेनेजुएला, डोमिनिकन गणराज्य और प्यूर्टो रिको की प्रतिभागी शामिल थीं। अंतिम दौर में सभी फाइनलिस्ट से एक ही सवाल पूछा गया, “इस समय दुनिया को अपने नेताओं से सबसे अधिक किस चीज की जरूरत है?” जेनिफर बैरेटो ने विजेता का जवाब देते हुए कहा, “मेरा मानना है कि दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो पेशेवर रूप से सहानुभूतिशील हों। हम ऐसी दुनिया में रहते हैं जहां अक्सर हम दूसरों का आकलन करते हैं और उन पर सवाल उठाते हैं, लेकिन एक नेता को अपने मूल्यों के लिए खड़ा होना चाहिए, उदाहरण पेश करना चाहिए और मानकों को ऊंचा उठाना चाहिए।”

मिस यूनिवर्स के रूप में वह ऐसे नेटवर्क बनाने की अवधारणा का समर्थन करती हैं, जो समुदायों की जरूरतों को पूरा कर सकें। नवनिर्वाचित विजेता का मानना है कि जब नेता अपने समुदायों की बात सुनते हैं और उसी के अनुरूप रणनीतियां तैयार करते हैं, तो वे महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं।
जेनिफर बैरेटो की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने अब तक छह बार मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले देश की मारिसोल मालारेत (1970), डेबोरा कार्थी-ड्यू (1985), दयानारा टोरेस (1993), डेनिस क्विनोनेस (2001) और जुलेइका रिवेरा (2006) यह खिताब जीत चुकी हैं।
यह प्यूर्टो रिको की अपनी धरती पर दूसरी मिस यूनिवर्स जीत भी है। इससे पहले 2001 में जब प्यूर्टो रिको में प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, तब डेनिस क्विनोनेस को मिस यूनिवर्स चुना गया था। मिस यूनिवर्स संगठन ने इस वर्ष प्रतियोगिता के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाया। इस हीरक जयंती के अवसर पर एक नया ताज भी पेश किया गया।

.....

Next Post

मिसिसिपी तट के समीप छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत

Wed Nov 25 , 2026
मिसिसिपी, 25 नवंबर (वार्ता) अमेरिका में मिसिसिपी तट के समीप मैक्सिको की खाड़ी में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में आठ एवं 10 वर्षीय दो बच्चे भी शामिल हैं। यह जानकारी अमेरिकी तटरक्षक बल ने बुधवार को […]

You May Like