काशी में देव दीपावली का भव्य नजारा, 2100 ड्रोन से आसमान में साकार हुई शिवलीला, 84 घाटों पर रोशन हुए 11 लाख दीप

वाराणसी। धर्म, आस्था और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम मंगलवार को वाराणसी में देखने को मिला। देव दीपावली के अवसर पर पूरी काशी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। गंगा के 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीप प्रज्वलित किए गए, वहीं 2100 ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव की भव्य लीलाओं का प्रदर्शन किया गया। गंगा के घाटों पर दीपों की जगमगाहट और आसमान में रोशनी से उभरती शिव की आकृतियों ने इस आयोजन को खास बना दिया।

देव दीपावली की शुरुआत नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर की। इसके बाद गंगा के 84 घाटों पर दीप प्रज्वलित किए गए। शाम होते ही गंगा के दोनों किनारे दीपों की रोशनी से नहा उठे। घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 2100 ड्रोनों की मदद से आसमान में भगवान शिव, त्रिशूल और सर्प की आकृतियां बनाई गईं। गंगा की लहरों के बीच हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने इस नजारे में चार चांद लगा दिए।

40 देशों के मेहमानों ने देखी काशी की देव दीपावली

इस बार देव दीपावली का आकर्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देखने को मिला। करीब 40 देशों से आए मेहमान इस भव्य आयोजन के साक्षी बने। आयोजन के दौरान वाराणसी में लगभग 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने की जानकारी सामने आई। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई थी। वहीं, बाबुआ पांडेय घाट पर दीपों की मदद से ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ की आकृति बनाई गई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।

दीपों की रोशनी और ड्रोन शो ने मोहा मन

देव दीपावली के इस आयोजन में देशी ही नहीं, विदेशी पर्यटक भी काशी की खूबसूरती देखकर अभिभूत नजर आए। गंगा के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी, आसमान में शिवलीला का प्रदर्शन और आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव दिया। विदेशी मेहमानों ने भी काशी की देव दीपावली की सराहना करते हुए कहा कि हर किसी को जीवन में एक बार इस आयोजन को देखने के लिए वाराणसी जरूर आना चाहिए।

Next Post

पिपरी के नातिन जीवेश महाजन का प्रधानमंत्री मोदी ने किया सम्मान 

Tue Nov 24 , 2026
बागली। ग्राम पिपरी के समाजसेवी एवं कृषक भगवान गुप्ता कि पुत्री प्रीति महाजन एवं दामाद पंकज महाजन के सुपुत्र जीवेश महाजन द्वारा क्षेत्र का नाम रोशन करने के साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया जीवेश महाजन विगत दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आईआईटी खड़कपुर में प्रतिभाशाली चयनित विद्यार्थियों के […]

You May Like