लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- सपा-कांग्रेस ने गठबंधन से 2017 में भी चुनाव लड़ा था, 2024 में भी। इस बार भी गठबंधन कर रहे हैं। आज रामगोपाल जी ने बोला है कि मैं 26 सीट कांग्रेस को देने वाला हूं। ये उनका मामला है, मुझे नहीं कुछ कहना है। लेकिन ये स्वार्थ का गठबंधन बहुत दिन तक चलने वाली नहींं है। कांग्रेस की अब ये हैसियत रह गई है कि 26 सीट पर समझौता करना पड़े।
गौरतलब- कांग्रेस ने गठबंधन में सपा से 125 सीटें मांगी है। सपा की तरफ से 26 सीट ऑफर की गई। इसमें भी 16 सीट वह हैं जिसमें 2022 में कांग्रेस की जमानत जब्त हुई थी।
वहीं सपा नेता रामगोपाल यादव ने इस संबंध में कहा कि कांग्रेस को 26 सीटें बता दी गई है, जहां वे कांग्रेस के उम्मीदवार उतार सकते हैं।
सपा के 26 सीटों के ऑफर पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा- हम किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं। यह गठबंधन के लिहाज से ठीक नहीं है। कांग्रेस आज बहुत मजबूत है। 2022 वाली कांग्रेस नहीं रह गई है।
सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने भी 26 सीटों का प्रस्ताव देने को लेकर कहा कि इनमें 20 सीटें ऐसी हैं, जहां 2022 में सपा को 60-70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब 2 हजार वोट मिले थे। इससे सपा का नजरिया समझ आता है। सपा उन सीटों पर कांग्रेस को मौका देने की बात कर रही है, जहां उसके अपने वोटों के साथ कांग्रेस का चुनाव चिह्न और प्रत्याशी गठबंधन के लिए उपयोगी हो सकते हैं।
