
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। अखिलेश यादव ने पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर न सिर्फ चुनावी शंखनाद कर दिया है, बल्कि विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर कांग्रेस की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। खासतौर पर पश्चिमी यूपी की उन सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं, जिन पर कांग्रेस अपनी दावेदारी जता रही थी।
मंगलवार देर रात जारी सूची में सपा ने ‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ के नारे के साथ पांच प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। इनमें सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट भी शामिल हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद की नजर थी। बताया जा रहा है कि इमरान मसूद ने सहारनपुर जिले की पांच सीटों पर दावेदारी पेश की थी। इनमें बेहट, सहारनपुर, गंगोह, नकुड़ और रामपुर मनिहारान शामिल थीं। कांग्रेस ने भी इन सीटों को अपनी नॉन-नेगोशिएबल श्रेणी में रखा था।
लेकिन अखिलेश यादव ने बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक को प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस के दावों को बड़ा झटका दे दिया है। सपा ने साफ संकेत दिया है कि सीटों के बंटवारे में वह अपनी राजनीतिक जमीन और संगठनात्मक समीकरणों को प्राथमिकता देने वाली है।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीट पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में इन सीटों पर सपा की दावेदारी को अपने पुराने चुनावी प्रदर्शन के आधार पर भी मजबूती मिलती है।
नाहिद हसन पर भी जताया भरोसा
सपा की पहली सूची में कैराना से मौजूदा विधायक नाहिद हसन का नाम भी शामिल है। इसके अलावा अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है।
गठबंधन में अभी से खिंचने लगीं लकीरें?
चुनाव में अभी लंबा वक्त बाकी है, लेकिन प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों को भी राजनीतिक संदेश दे दिया है। कांग्रेस जिन सीटों पर अपनी हिस्सेदारी चाहती है, वहां सपा का पहले ही उम्मीदवार घोषित करना गठबंधन की भावी सीट-बंटवारे की बातचीत को दिलचस्प बना सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस सपा के इस फैसले पर क्या रुख अपनाएगी? क्या इमरान मसूद की दावेदारी को झटका लगने के बाद कांग्रेस अपनी रणनीति बदलेगी या सीटों को लेकर गठबंधन में दबाव बढ़ाएगी?
फिलहाल, अखिलेश यादव की पहली सूची ने यूपी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है और कांग्रेस के सामने सीटों की दावेदारी को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है।
