दीपो की रोशनी से झील के घाट जगमगा उठे, चकराघाट से गणेश घाट तक आकर्षक विद्युत साज सज्जा

सागर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को लाखा बंजारा झील के किनारे काशी की तर्ज पर देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया।

लाखा बंजारा झील के चकराघाट से गणेशघाट तक लाखों दीपों को आकर्षक आकृतियों और विशेष सजावट के साथ प्रज्ज्वलित किया गया। दीपों की रोशनी से झील के घाट जगमगा उठे और जल में प्रतिबिंबित होती दीपों की आभा ने मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। दिव्य गंगा आरती, भव्य आतिशबाजी, मधुर संगीत और बुंदेली लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने आयोजन को आध्यात्मिकता एवं सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि कहा कि देव दीपावली का यह आयोजन देखकर ऐसा लग रहा है कि काशी जैसे सागर में उतर आई हो। आज स्वर्ग से देवता धरती पर आते हैं, इसलिए दीपदान कि बहुत पुण्य प्राप्त होता है। लाखा बंजारा झील हमारी ऐतिहासिक धरोहर और गौरव है। हजारों नागरिकों की सहभागिता से यह आयोजन सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर उदाहरण बन रहा गया। काशी की तर्ज पर लाखा बंजारा झील के घाटों पर लाखों दीप प्रज्ज्वलित होना शहर की बढ़ती सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ नागरिकों में अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का भाव भी जागृत करते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि देव दीपावली का पर्व हमारी धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। लाखा बंजारा झील पर आयोजित यह भव्य दीपोत्सव सागर की एक नई पहचान बन रहा है।

निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि नगर निगम द्वारा आयोजित यह उत्सव सागर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील को नई पहचान देने के साथ नागरिकों को अपनी धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली का आयोजन केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता, सुंदरता, जल संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता लाने का प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक द्वारा स्वच्छता के नाम एक दीप प्रज्ज्वलित करना सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

कार्यक्रम में बुंदेली लोक संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को दर्शाते लोक नृत्य, ढोल-रमतूला, दुलदुल घोड़ी, बधाई, नौरता और बरेदी की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विशेष कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भारतीय संगीत ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। नागरिकों ने दीपदान कर इस पावन पर्व में सहभागिता निभाई। आतिशबाजी और दिव्य आरती के साथ लाखा बंजारा झील का पूरा परिसर आस्था, प्रकाश और उल्लास से आलोकित हो उठा।

.....

Next Post

रिछाई टेलीग्राफ फैक्ट्री के पास रखा था शराब का जखीरा

Wed Nov 25 , 2026
जबलपुर। अधारताल पुलिस ने रिछाई टेलीग्राफ फैक्ट्री के पास से शराब का जखीरा बरामद किया है। पुुलिस ने बताया कि सूचना मिली कि रिछाई टेलीग्राफ फैक्ट्री के पास सुनसान जगह में कार्टून मे भारी मात्रा में देशी शराब रखी है सूचना पर दबिश दी गई जहां 26 कार्टून में कुल […]

You May Like