नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब केवल तस्करों तक सीमित न रहकर उनके पूरे नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीजीपी ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर लक्ष्य निर्धारित कर कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने बड़े ड्रग तस्करों, संगठित गिरोहों और उनके सहयोगियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क के सदस्यों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने पिछले पांच वर्षों में हुई बड़ी मादक पदार्थों की जब्ती और एनडीपीएस एक्ट के महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा करने को कहा, ताकि तस्करी के तरीकों और कार्रवाई के परिणामों का आकलन किया जा सके।

उन्होंने जिलावार संवेदनशील क्षेत्रों, नशे की तस्करी के हॉटस्पॉट, अवैध खेती वाले इलाकों और अंतरराज्यीय परिवहन मार्गों की मैपिंग करने के निर्देश भी दिए। अवैध मादक पदार्थ निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की निगरानी पर भी जोर दिया।

बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक राजाबाबू सिंह, एडीजी नारकोटिक्स डी. श्रीनिवास वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

Next Post

राशिफल-पंचांग: 24 नवंबर 2026

Tue Nov 24 , 2026
पंचांग 24 नवम्बर 2026:- रा.मि. 03 संवत् 2083 कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा भौमवासरे रात 9/8, कृतिका नक्षत्रे रात 1/4, परिघ योगे शाम 5/54, विष्टि करणे सू.उ. 6/41, सू.अ. 5/19, चन्द्रचार मेष दिन 7/59 से वृषभ, पर्व- स्नानदान व्रतादौ पूर्णिमा, कार्तिक पूर्णिमा, शु.रा. 2,4,5,8,9,12 अ.रा. 3,6,7,10,11,1 शुभांक- 4,6,0. ———————————————————————– आज जिनका जन्म […]

You May Like