![]()
छिंदवाड़ा। शासकीय धन में हेरफेर और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिक निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने संपत्ति कर वसूली काउंटर पर पदस्थ रोजगार सहायक श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में गबन की मंशा, दूसरे की आई.डी. के दुरुपयोग और फर्जी हस्ताक्षर करने जैसे गंभीर आरोप पूरी तरह प्रमाणित पाए गए, जिसके बाद म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के तहत यह कठोर कार्रवाई की गई है। निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रीति सूर्यवंशी ने 1 अप्रैल 2025 से 17 सितंबर 2025 के बीच संपत्ति कर वसूली काउंटर से उपभोक्ताओं को रसीदें जारी कर राशि वसूली। जांच के दौरान एम.आई.एस. रिपोर्ट और कैशियर कैशबुक के मिलान में ?5,34,799 का बड़ा अंतर सामने आया, जिसे तय समय पर निगम कोष में जमा नहीं किया गया था। बाद में इसमें से ?3,46,000 प्रभारी अधिकारी को बताए बिना सीधे बैंक में जमा कराए गए। प्रशासन ने इसे शासकीय राशि के गबन के प्रयास का स्पष्ट प्रमाण माना।
आई.डी. का दुरुपयोग और पावती पर फर्जी हस्ताक्षर ०००००
सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी द्वारा की गई विभागीय जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। वसूली काउंटर का संचालन प्रभारी राजस्व लिपिक की आई.डी. पर बिना प्रतिदिन के सत्यापन के किया जा रहा था। इसके अलावा दुकान किराया वसूली शाखा की आई.डी. का दुरुपयोग कर भी रसीदें काटी गईं। जांच में यह भी उजागर हुआ कि 2 सितंबर 2025 को कैशियर शाखा में जमा राशि ?1,59,485 के स्थान पर एम.आई.एस. रिपोर्ट में 2,17,413 दर्ज की गई थी। कैशियर कैशबुक में राशि के सामने बार-बार कांट-छांट की गई और कैशियर रविशंकर राहगंडाले के प्रतिवेदन के अनुसार पावती पर फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए। उपयोग के बाद रसीद बुक्स ऑडिट के लिए जमा नहीं की गईं और रसीद बुक व दाखिला पंजी के मिलान में 5,189 कम जमा पाए गए।
अंतिम सुनवाई के बाद हुई बर्खास्तगी की कार्रवाई ०००००
प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर 29 अक्टूबर 2025 को प्रीति सूर्यवंशी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में सभी आरोप सिद्ध होने और नैसर्गिक न्याय के तहत अंतिम सुनवाई का अवसर देने के बाद आयुक्त सी.पी. राय ने इसे घोर लापरवाही और निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने वाला कृत्य मानते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दीं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
