
गुवाहाटी। एम्स गुवाहाटी में कार्डियक सर्जरी (हृदय शल्य चिकित्सा) और गैस्ट्रो सर्जरी (पेट एवं पाचन तंत्र संबंधी शल्य चिकित्सा) सेवाएं शुरू की गई हैं। इन सेवाओं से असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
एम्स गुवाहाटी की इंस्टीट्यूट बॉडी (आईबी) की बैठक अध्यक्ष प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय की अध्यक्षता में हुई। इसमें कार्यकारी निदेशक प्रो. अशोक पुराणिक ने संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, आधारभूत संरचना, संकाय एवं मानव संसाधन की उपलब्धता और विस्तार योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक के बाद अध्यक्ष ने अधिकारियों और संकाय सदस्यों के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी और आईपीडी में मरीजों की संख्या में धीरे-धीरे हो रही वृद्धि पर संतोष जताया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण इलाज, बेहतर प्रशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता पर जोर दिया।
प्रो. संजय ने बताया कि एम्स गुवाहाटी में आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी उपचार की सुविधा मिल रही है। परिसर में जन औषधि और अमृत फार्मेसी के माध्यम से सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों के परिजनों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने आमजन से संस्थान की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही नई दिल्ली में आपदा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा पर सेमिनार आयोजित करने की पहल की सराहना की।
