
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम छावड़ी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप से जानलेवा हमला करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छावड़ी निवासी आकाश चंद्रवंशी 25 वर्ष ने 20 नवंबर को धरमटेकरी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 19 नवंबर की रात करीब 8: 30 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने उसके भाई अरविंद चंद्रवंशी को आरोपी मुकेश चंद्रवंशी के घर के सामने रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने अरविंद पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडीपुरा पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम छावड़ी निवासी चारों आरोपियों गणपत उर्फ संजू चंद्रवंशी 37 वर्ष , मुकेश चंद्रवंशी 31 वर्ष , जयकरण चंद्रवंशी 22 वर्ष और धनपाल उर्फ पवन चंद्रवंशी 30 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका ००००००
इस पूरी कार्रवाई में कुंडीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र भगत, धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, एएसआई जगदीश सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अरुण शर्मा, रामदयाल मरावी, ठाकुर, सुरेंद्र सिंह बघेल, अरविंद धुर्वे, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक नितिन सिंह और सैनिक राजेश कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
