नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत ने शुक्रवार को इस्लामाबाद की एक इमामबारगाह में हुए आत्मघाती बम धमाके में शामिल होने के पाकिस्तान के आरोप को खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद और बेतुका बताया।
भारत ने कहा कि यह दुख की बात है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय अपनी ही बुराइयों के लिए दूसरों पर आरोप लगाकर खुद को धोखा दे रहा है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ऐसे हर आरोप को खारिज करता है, जिसे उसने बेबुनियाद और बेकार बताया।
भारत ने भी बम धमाके को निंदनीय बताया और जानमाल के नुकसान पर दुख जताया।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा ”आज सुबह इस्लामाबाद मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इससे हुई जान-माल के नुकसान पर दुख जताता है। ”यह दुख की बात है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ रही समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर खुद को धोखा दे रहा है। ”भारत ऐसे हर आरोप को खारिज करता है, जो जितना बेबुनियाद है उतना ही बेकार भी है।” भारत का यह जवाब तब आया जब पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ”यह साबित हो गया है कि हमले में शामिल आतंकवादी अफगानिस्तान आता-जाता था।”
उन्होंने पोस्ट किया, ”भारत और अफगानिस्तान के बीच मिलीभगत का खुलासा हो रहा है।”
आसिफ ने कहा, ”एक शर्मनाक हार के बाद, भारत अपने प्रॉक्सी के ज़रिए युद्ध लड़ रहा है। अब उसमें सीधे लड़ने की हिम्मत नहीं है।”
उल्लेखनीय है कि आज नमाज़ के दौरान एक इमामबारगाह में हुए एक आत्मघाती बम धमाके में कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 घायल हो गए। यह धमाका पाकिस्तान की राजधानी के तरलाई इलाके में इमामबारगाह खदीजा-तुल-कुबरा में हुआ।
