नशे से युवाओं को बचाने के लिए परिवार, गुरुद्वारे और समाज मिलकर करें प्रयास: मोदी

नयी दिल्ली , 23 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सोमवार को आयोजित शबद कीर्तन में युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान किया।

श्री मोदी आज यहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आधिकारिक आवास लोक निवास में आयोजित आयोजित शबद कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी को नमन किया अर्पित की और भक्ति, त्याग, समानता, करुणा तथा मानवता की सेवा के उनके शाश्वत संदेश को याद किया। इस दौरान उन्होंने सिर ढककर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और प्रसिद्ध रागी हरजिंदर सिंह श्रीनगरवाले द्वारा प्रस्तुत गुरबाणी का श्रवण किया।

इस मौके पर श्री मोदी ने कहा कि एक नौजवान के नशे की गिरफ्त में आने से पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं। परिवारों, गुरुद्वारों, संगत और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखाना चाहिए, ताकि हर युवा नशे से मुक्त रहकर अपने सपने पूरे कर सके। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षा ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ उनके जीवन का हिस्सा रही है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि देश उनकी शहादत और बलिदान से मिली प्रेरणा के लिए हमेशा कृतज्ञ रहेगा।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में राष्ट्र और संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर करने का भाव रहा है। गुरुओं की प्रेरणा और आदर्श विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में मार्गदर्शक बन सकते हैं। इसी भावना से सरकार ने गुरुओं के प्रकाश पर्व और शहादत दिवसों को देश-विदेश में मनाया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि 26 दिसंबर को देश वीर बाल दिवस मनायेगा। इसका उद्देश्य साहिबजादों की शहादत और माता गुजरी के साहस की गाथा नयी पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान के पुनर्विकास में भारत सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया। दुनिया में जारी संघर्षों और हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर जगह शांति, हर परिवार की सुरक्षा और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए गुरु साहिब की सीख ‘सरबत दा भला’ आज और भी महत्वपूर्ण है।

श्री संधू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “इस संसार में सेवा करके ही, कोई ईश्वरीय दरबार में स्थान पा सकता है।” उन्होंने कहा, ” श्री गुरु नानक देव जी की शाश्वत शिक्षाओं से प्रेरित होकर, आइए हम सेवा की भावना को अपनाएं और एक ऐसे समाज के निर्माण का प्रयास करें जो करुणा, सम्मान और समानता पर आधारित हो, ताकि हम विकसित भारत के साझा सपने को साकार करने में अपना योगदान दे सकें।”

उन्होंने कहा , “विच दुनिया सेव कमाईये, ता दरगाह बैसन पाईये।”

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति lभी शामिल हुए।

 

Next Post

युवतियों ने बीच सडक़ पर युवक को चप्पलों से पीटा

Mon Nov 23 , 2026
रीवा,  रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा स्थित नहर के पास अपोलो हॉस्पिटल के समीप बीच सडक़ पर जमकर हंगामा देखने को मिला. यहां चार युवतियों ने एक युवक की चप्पलों से सरेआम पिटाई कर दी. मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, […]

You May Like