
रीवा, रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा स्थित नहर के पास अपोलो हॉस्पिटल के समीप बीच सडक़ पर जमकर हंगामा देखने को मिला. यहां चार युवतियों ने एक युवक की चप्पलों से सरेआम पिटाई कर दी. मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मार खाने वाला युवक नशे की हालत में नजर आ रहा था. बताया जा रहा है कि ऑटो में सफर के दौरान युवक ने युवतियों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी. युवक की इस हरकत से युवतियां भडक़ गईं और रतहरा नहर के पास उसे पकडक़र बीच सडक़ पर ही सबक सिखाना शुरू कर दिया. चारों युवतियों ने युवक पर लगातार चप्पलों की बौछार कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई. बीच सडक़ पर चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. हालांकि घटना के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि समान थाना पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर आगे क्या कार्रवाई करती है.
