नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 30 नवंबर तक सऊदी अरब जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें निलंबित कर दी हैं।
एयर इंडिया ने सोमवार को सोशल मीडिया पर बताया कि क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की जेद्दा, दम्मम और रियाद की सभी उड़ानें 30 नवंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी। यात्रियों को यात्रा की तिथि में निःशुल्क बदलाव का विकल्प दिया गया है। टिकट रद्द करवाने की स्थिति में उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा। इसके लिए शर्त यह रखी गई है कि बुकिंग 23 नवंबर से पहले कराई गई हो और यात्रा की तारीख 14 दिसंबर तक हो।
इससे पहले इंडिगो और अकासा ने भी 30 नवंबर तक सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द रखने की घोषणा की थी।
