नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चीनी की कीमतों में नरमी रही। चीनी के साथ गेहूं का भाव भी टूट गया जबकि चावल में तेजी रही और दालों एवं खाद्य तेलों में घटबढ़ देखी गई।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 19 रुपये गिरकर 5,645 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गुड़ भी 19 रुपये सस्ता हुआ और 6,021 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत चार पैसे बढ़कर 60.85 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत सात रुपये बढ़कर 4,365 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गेहूं 15 रुपये गिरकर 2,955 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। आटे का भाव 22 टूटा।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 51 रुपये और मूंग दाल की 26 रुपये प्रति क्विंटल उतर गई। चना दाल 18 रुपये और उड़द दाल 11 रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल की कीमत 61 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई।मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में फरवरी का पाम ऑयल वायदा एक रिंगिट चढ़कर 4,142 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, जनवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.98 प्रतिशत गिरकर 59.42 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल औसतन 113 रुपये और सरसों तेल 46 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। सोया तेल की कीमत 22 रुपये बढ़ी। वहीं, वनस्पति पांच रुपये और पाम ऑयल 11 रुपये टूट गया। सूरजमुखी तेल 16 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
