
निवाड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से होते हुए पुनः मध्यप्रदेश में प्रवेश कर गई। यात्रा निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के जेरोन गांव पहुंची, जहां स्थानीय विधायक नितेंद्र सिंह राठौर सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और ग्रामीणों ने यात्रा में शामिल लोगों का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा को मिल रहा स्नेह, सम्मान और जनसमर्थन इसके संकल्प को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल पदयात्रा नहीं, बल्कि वोट चोरी के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा और धार्मिक दान में कथित अनियमितताओं के विरुद्ध सनातन धर्म की पवित्रता बनाए रखने के लिए जनजागरण अभियान है।
यात्रा सुबह जेरोन से प्रारंभ होकर खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंची। भोजन और विश्राम के बाद दोपहर तीन बजे टोड़ी तिराहे से पुनः शुरू होकर सिमरा तालाब स्थित हिंगलाज माता मंदिर पहुंची। यहां से यात्रा के प्रतिभागियों का रात्रि विश्राम सिमरा स्थित फूलचंद जैन शिक्षा निकेतन में निर्धारित था। इसके बाद यात्रा ओरछा की ओर रवाना होगी।
ललितपुर में पांच दिन के प्रवास के बाद यात्रा 22 नवंबर को पुनः शुरू हुई थी। 930 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई थी। इसका उद्देश्य मंदिरों में दान की पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर जनजागरूकता फैलाना है।
